-भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 के सलामतपुर थाने के पास की घटना

-हाइवे पर गड्ढों के कारण आए दिन हो रहे हैं हादसे, टोल टैक्स लेने के बाद भी नही भर रहे गढ्ढे

-एमपीआरडीसी विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते बने हुए हैं ऐसे हालात

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

भोपाल विदिशा हाइवे 18 के सलामतपुर थाने के पास लोडिंग ऑटो ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। जिससे मोटरसाइकिल चालक और पीछे बैठा युवक घायल हो गए। वो तो गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से बच गया। घटना मंगलवार रात की है। जानकारी अनुसार एक लोडिंग ऑटो एमपी04 वाईएक्स 4568 विदिशा से भोपाल की और जा रहा था। तभी रास्तें में सलामतपुर थाने के पास सामने से आ रही पल्सर मोटरसाइकिल एमपी04 डब्लूए 7243 में टक्कर मार दी। जिससे मोटरसाइकिल व सवार संजय रावत पिता विजयराम रावत 19 निवासी राजीवनगर सलामतपुर व उसके दोस्त करण रावत को सिर, हाथ व पेर में गंभीर चोटें आ गईं। दोनों घायलों का पहले सांची सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। स्तिथी बिगड़ने पर दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय विदिशा भेजा गया है। वहीं लोडिंग ऑटो चालक घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ऑटो को जब्त कर ड्रायवर की तलाश शुरू कर दी है।

मामी को खाना देने अस्पताल जा रहा था भांजा--संजय रावत अपनी मामी मुस्कान को खाना देने के लिए अपनी पल्सर मोटरसाइकिल से दोस्त करण को साथ लेकर राजीवनगर से विदिशा अस्पताल जा रहा था। संजय की मामी मुस्कान के गर्भवती होने से विदिशा जिला चिकित्सालय अस्पताल में 2-3 दिन से भर्ती हैं। जहां पर उनकी डिलेवरी होने के बाद भर्ती किया गया है। अब संजय भी दुर्घटना में घायल होने के बाद उसी अस्पताल में रेफर हुआ है जहां उसकी मामी मुस्कान भर्ती हैं।

टोल टैक्स देने के बाद भी गड्डों में सफर कर रहे वाहन चालक, रोज़ाना हो रहे हैं हादसे---इन दिनों भोपाल विदिशा स्टेट हाईवे 18 की सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे दिख रहे हैं। भोपाल भानपुर से लेकर सलामतपुर त्रिमूर्ति चौराहे तक लगभग 40 किलोमीटर हाईवे की सड़क पर जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, इनकी मरम्मत तो दूर इन्हें चूरी गिट्टी से भरकर खाना पूर्ति भी नहीं की जा रही है। वाहनों की आवाजाही के कारण यह गड्ढे लगातार बढ़ते जा रहे हैं, ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। कई गड्ढे तो 8- 8 इंच गहरे हैं। ऐसे में इनमें बस हो या ट्रक के दोनों पहिये धंस जाते हैं। भोपाल से बाया विदिशा होते हुए सागर तक पहुंचने के लिए इसी मार्ग का उपयोग किया जाता है। लेकिन वाहन चालकों को गड्ढों के कारण पूरा सफर का मजा किरकिरा हो जाता है। यही नहीं इस मार्ग से रोजाना पूरे प्रदेश के अफसरों, पूर्व सीएम, मंत्रियों का आना जाना भी लगभग रोजाना होता है। बावजूद इसके एमपीआरडीसी विभाग इस और ध्यान नहीं दे रहा है।

शीघ्र हो 4 लेन तब आएगी हादसों में कमी--भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर सड़क हादसे रुकने का नाम ही नही ले रहे हैं। इन रोज़ होने वाले हादसों की वजह से ही अब इस सड़क को खूनी सड़क भी कहा जाने लगा है। वहीं सलामतपुर, दीवानगंज व बालमपुर, बेरखेड़ी चौराहा क्षेत्र के लोगों ने इस स्टेट हाइवे को 4 लेन करने की मांग शासन प्रशासन से की है। गौरतलब है कि भोपाल विदिशा स्टेट हाइवे 18 पर एक वर्ष में लगभग सौ सड़क हादसे हो चुके हैं। जिसमें पच्चीस से ऊपर लोगों की मौत भी हो चुकी है। सलामतपुर व सूखी सेवनिया पुलिस भी रोज़ हो रही इन दुर्घटनाओं की वजह से काफी परेशान है। क्योंकि थाने में पुलिस बल काफी कम है। और सड़क हादसों में पुलिस बल भेजने के बाद थाने में पुलिस बल कम पड़ जाता है। जिससे थाने आए फरियादियों को परेशानी का सामना भी करना पड़ता है। स्थानीय ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से स्टेट हाइवे 18 को फ़ोर लेन करने की मांग की है।

इनका कहना है।

थानें के पास एक लोडिंग ऑटो ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। जिससे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक घायल हो गए। ऑटो ज़ब्त कर मामले को जांच में लिया है।

दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28