-पंचायत कार्यालय पर लगा मिला ताला, महिलाएं परेशान

अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

रायसेन जिले के सांची विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अंबाडी में पेयजल संकट को लेकर महिलाओं का गुस्सा आखिरकार सड़कों पर फूट पड़ा। स्टेशन रोड स्थित पुराने स्कूल के पास लंबे समय से पानी की समस्या से परेशान महिलाएं खाली बर्तन लेकर ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंचीं और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने “पानी दो-पानी दो” के नारे लगाते हुए बर्तन बजाकर अपनी नाराजगी जताई। स्थिति उस समय और गर्मा गई जब पंचायत कार्यालय पर ताला लटका मिला। तेज धूप में घंटों इंतजार कर रही महिलाओं का आक्रोश बढ़ गया। बाद में सरपंच प्रतिनिधि रमेश कुमार और सचिव मौके पर पहुंचे, तब जाकर महिलाओं ने अपनी समस्या खुलकर रखी। महिलाओं का कहना है कि क्षेत्र में कई दिनों से नलों में पानी नहीं आ रहा है। अगर कभी पानी आता भी है तो उसमें गंदा और नाली मिला पानी निकलता है, जो पीने योग्य नहीं रहता। महिलाओं ने बताया कि पानी के इंतजार में रातभर नल की टोटी खोलकर देखना पड़ता है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद सिर्फ आश्वासन ही मिले। ग्रामीणों ने हलाली जलवर्धन योजना पर भी सवाल उठाए। करीब 100 करोड़ रुपए की इस योजना का काम अब तक कई गांवों तक नहीं पहुंच पाया है, जबकि दो साल पहले योजना शुरू होने के दावे किए गए थे। महिलाओं ने अपनी मांगों को लेकर सरपंच प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। इस मामले में सरपंच प्रतिनिधि रमेश कुमार ने कहा कि पीएचई विभाग से चर्चा कर जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा। अब बड़ा सवाल यही है कि आखिर कब तक अंबाडी की महिलाओं को पानी के लिए यूं सड़कों पर उतरना पड़ेगा और पीएचई विभाग कब उनकी प्यास बुझाएगा।

पूर्व सीएम के संकल्प पर अफसर फैर रहे पानी---पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 2023 तक सभी गांवों में नल से जल पहुंचाने का संकल्प लिया था। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गांवों के विकास के साथ-साथ लोगों के कल्याण के लिए, उनके विकास के लिए भी प्रमुखता से काम किया जा रहा है। सरकार द्वारा जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर में नल से जल पहुंचाने का काम बड़े जोर शोर से किया जा रहा है कि महिलाओं को पानी की समस्या से निजात मिलेगी। उन्हें घर पर ही नल से पानी उपलब्ध होगा, कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं होगी। लेकिन अम्बाडी गांव में ऐसा नहीं हो रहा है । पीएचई विभाग के ज़िम्मेदार अधिकारी सरकार की जल जीवन मिशन योजना को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। और लाखों रुपए बर्बाद करके निर्माण कार्यों को शो पीस बनाया जा रहा है। जिसकी वजह से गांव की महिलाओं को रात रात भर जागकर और फिर सुबह से ही पानी के लिए जद्दोजहद करना पड़ रही है। 

इनका कहना है।

पीने के पानी के लिए रात रात भर जागना पड़ रहा है। गंदा पानी आ रहा है। में 5 साल पहले गांव में शादी कर के आई थी। तभी से पानी के लिए परेशान हैं। पंचायत भी कोई सुनवाई नही कर रही है।

स्थानीय महिला।

मई जून के महीने में भीषण गर्मी के चलते कई बोरबेल सूख जाते हैं। पंचायत फिर भी सभी मोहल्लों में पानी उपलब्ध करा रही है। कुछ जगह लीकेज के कारण गंदा पानी जाने की शिकायत मिली है। हमने पीएचई विभाग को सूचना दी है। शीघ्र ही समस्या का समाधान किया जाएगा।

रमेश कुमार, सरपंच प्रतिनिधि

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28