​अदनान खान सलामतपुर रायसेन। (एडिटर इन चीफ IND28 हर खबर पर पैनी नज़र)

धार्मिक एवं सामाजिक चेतना के संवाहक स्वर्गीय रोशन सिंह राजपूत की 22वीं पुण्यतिथि के अवसर पर ग्रामवासियों, समस्त बजरंग मंडल समिति एवं करणी सेना परिवार द्वारा संयुक्त रूप से पौधरोपण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।​इस अवसर पर स्थानीय हनुमान मंदिर एवं माता मंदिर प्रांगण में फलदार व छायादार पौधे लगाए गए। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया।

विशेष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन---शिव शक्ति हनुमान मंदिर, त्रिमूर्ति चौराहा स्थित 'श्री घोटा बाबा दिव्य दरबार' पर किया गया। वक्ताओं ने स्वर्गीय रोशन सिंह राजपूत के योगदान को याद करते हुए कहा कि 1998 में त्रिमूर्ति चौराहा मंदिर पर अखंड श्री रामचरितमानस पाठ की शुरुआत करने में उनकी मुख्य भूमिका रही थी। उनके अथक प्रयासों से प्रारंभ हुआ यह धार्मिक अनुष्ठान आज भी अनवरत जारी है।

​कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने स्वर्गीय रोशन सिंह राजपूत को शत-शत नमन करते हुए कहा कि उनके विचार और आदर्श ही समाज के लिए बहुमूल्य धरोहर हैं। इस दौरान करणी सेना, बजरंग मंडल के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

न्यूज़ सोर्स : अदनान खान एडिटर इन चीफ IND28